ABC News: कानपुर में आज से निकाय चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई. पहले दिन काफी ज्यादा अव्यवस्था का माहौल देखा गया. पहले दिन नगर निगम में केवल एक नामाकंन पत्र दाखिल हुआ. वहीं, नामांकन पत्र खरीदने के लिए दिन भर प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भीड़ लगी रही.

पहले दिन अधिकारियों को असमंजस के चलते करीब 1 बजे बिक्री शुरू हो सकी. इसके चलते प्रत्याशियों ने नाराजगी जताई. नगर निगम और बिठूर पंचायत के लिए नामांकन पत्रों की बिक्री प्रमिला सभागार में की जा रही है. पहले दिन बड़ी संख्या में नामांकन पत्र खरीदने के लिए लोग जुटे हैं. प्रत्याशियों को लाइन में लगाकर नामांकन पत्र खरीदने पड़ रहे हैं. नामांकन के लिए कुल 9 टेबल लगाई गई हैं. जिसमें 6 टेबल पार्षद, 2 बिठूर नगर पंचायत और 1 टेबल महापौर के नामांकन पत्र बिक्री के लिए लगाई गई है. 1 बजे तक एक भी आरओ नामांकन पत्र बिक्री के लिए प्रमिला सभागार में नहीं पहुंचे थे. ऐसे में नामांकन पत्र की बिक्री बंद रही. प्रत्याशियों ने हंगामा किया तो मौके पर उपस्थित उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने लोगों को शांत करवाकर समस्या की जानकारी ली. लोगों की शिकायत पर तत्काल सभी आरओ को नामांकन कक्ष से सभागार में बुलाया गया. जिसके बाद बिक्री शुरू हो सकी. नगर निगम मुख्यालय के बाहर नामांकन के लिए बेरीकेडिंग लग गई है. यहां चारों ओर से रास्ता बंद कर दिया गया है. वाहनों के आने-जाने पर मनाही है. नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से कराने के लिए परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगा दिए गए हैं. नामांकन कक्षों में स्टैटिक कैमरामैन टीम की ड्यूटी लागई गई है. नियमित मॉनिटरिंग करने के लिए कंट्रोल रूम बनाया जा गया है. पहले दिन नगर निगम में वार्ड नंबर चार में एक प्रत्याशी ने अपना पर्चा दाखिल किया जबकि महापौर और पार्षद पद के लिए 763 नामांकन पत्रों की बिक्री की गई.

