ABC News: कानपुर में आई हॉस्पिटल की लापरवाही का बड़ा मामला सामने आया है. शिवराजपुर में लगे फ्री आई चेकअप कैंप में आंखें दिखाने पहुंचे 6 बुजुर्गों का कानपुर के बर्रा स्थित आराध्या आई हॉस्पिटल में ऑपरेशन किया गया. ऑपरेशन के बाद से ही बुजुर्गों को दिखना बंद हो गया. सीएमओ से शिकायत के बाद जांच के आदेश दिए गए हैं. आई हॉस्पिटल में 2 नवंबर को मोतियाबिंद का ऑपरेशन कराने का कैंप लगा हुआ था.

इसमें ग्रामीण क्षेत्र शिवराजपुर के रहने वाले लोग भर्ती हुए. ऑपरेशन के बाद 6 बुजुर्गों की आंखों की रोशनी नहीं आई. जिसके बाद सभी लोगों हॉस्पिटल पहुंचकर आंखों और सिर में दर्द की शिकायत की. इस पर डॉक्टर द्वारा दर्द की टैबलेट देकर वापस कर दिया गया. शिकायतकर्ता ने बताया कि डॉक्टर नीरज गुप्ता ने सभी का ऑपरेशन किया. कैंप सीएमओ की अनुमति के आधार पर DBCS योजना के तहत लगाया गया था. मरीजों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद से ही उनकी आंख में दर्द होना शुरू हो गया था. उसके बाद धीरे-धीरे आंख से पानी बहने लगा. फिर दिखना ही बंद हो गया.

पीड़ित राजाराम, हरपाल सिंह चंदेल ने बताया कि हमारी आंख की रोशनी ही चली गई है. असहनीय दर्द होता है. जब बुजुर्गों को कोई भी राहत नहीं मिलती दिखी तो उन्होंने सीएमओ डा. आलोक रंजन ने जांच के आदेश दिए हैं. सभी को कांशीराम अस्पताल में बुलाकर जरूरी दवाइयां दी गई हैं. इस घटना के संबंध में एक जांच कमेटी गठित कर दी है. जांच रिपोर्ट आज आने के बाद विधिक अनुसार कार्रवाई की जाएगी.

