ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) सोसाइटी क्षेत्रों में हुए जलभराव के बाद महापौर प्रमिला पांडेय के तेवर काफी सख्त हो गए हैं. बीते दिनों मकड़ीखेड़ा के हालात देखने के बाद महापौर ने शनिवार को नगर निगम और जलकल विभाग के अफसरों की बैठक बुलाई. इस बैठक में महापौर ने दो टूक लहजे में कहा कि कानपुर की सभी सोसाइटियों का सर्वे कराओ. उन्होंने कहा कि सोसाइटियों के अध्यक्ष और सचिव पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा.

गौरतलब हो कि पिछले दिनों महापौर ने मकड़ीखेड़ा का निरीक्षण किया था. यहां पर इतना जलभराव था कि महापौर को कार छोड़कर ट्रैक्टर की सवारी करनी पड़ी थी. मकड़ीखेड़ा के हालात देखने के बाद महापौर सोसाइटी क्षेत्रों की दुर्दशा को लेकर काफी गंभीर हो गई हैं. इसी को लेकर शनिवार को जब अफसरों के साथ उन्होंने बैठक की, तो स्पष्ट तौर पर कहा कि सोसाइटी वाले लोगों को जमीन बेचकर निकल जाते हैं, उसके बाद यहां की दुर्दशा को लेकर भुगतना नगर निगम को पड़ता है. महापौर ने अफसरों को निर्देश दिए कि जितनी भी सोसाइटी हैं, उनके अध्यक्ष और सचिव पर मुकदमा कायम किया जाएगा. इसके लिए उन्होंने अफसरों को सोसाइटी का सर्वे करने के भी निर्देश दिए.

जुर्माना भी वसूला जाएगा
महापौर ने कहा कि मकड़ीखेड़ा में अब तक 30 ट्रॉली मलबा डाला जा चुका है लेकिन जिस तरह से यहां पर जलभराव है, उतने में 30 ट्रॉली मलबा भी काफी कम है. यहां के हालात ऐसे हैं कि लोगों के सबमर्सिबल पंप में दूषित पानी आ रहा है. ऐसे में नगर निगम और जलकल विभाग यहां पर जो मलबा भरा रहा है, उसका भी जुर्माना सोसाइटी प्रबंधन से वसूला जाएगा. महापौर ने कहा कि अगले साल जून तक सोसाइटी क्षेत्रों में जो जलभराव वाला काम है, उसे पूरा कराएंगी. नाला और नाली का काम भी कराया जाएगा. महापौर ने कहा कि मकड़ीखेड़ा में बच्चे स्कूल नहीं जा पा रहे हैं. एक महिला होने के नाते वहां का दर्द वह भी समझती हैं.

