ABC News: नाबालिगों को सिगरेट बेचने पर नौबस्ता पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. दरअसल, नौबस्ता पुलिस तीन गुमशुदा बच्चों के गुमशुदा होने के मामले में जांच कर रही थी. इसी जांच के दौरान नौबस्ता पुलिस ने कई सीसीटीवी भी खंगाले. इसी सीसीटीवी फुटेज की पड़ताल पर दिखा कि हंसपुरम के एक बुजुर्ग दुकानदार नंदकिशोर ने नाबालिगों को सिगरेट बेची थी.

इसका नाबालिगों ने सेवन भी किया था. सीसीटीवी फुटेज में नाबालिगों को सिगरेट बेचने और उनकी तरफ से इसका सेवन करने के मामले में नौबस्ता पुलिस ने संबंधित दुकानदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया. एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय ने बताया कि नाबालिगों को तंबाकू उत्पाद बेचना कानून अपराध है. नियमानुसार 18 साल से कम उम्र के बच्चों को सिगरेट बेचना अपराध है. ऐसे में नंद किशोर के खिलाफ जेजे एक्ट 2015 की धारा 77 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी. वहीं, पुलिस का कहना है कि तीनों बच्चों की तलाश के लिए आसपास के और क्षेत्रों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. चूंकि बच्चों के पास मोबाइल नहीं है, इसलिए उन्हें तलाशने में सीसीटीवी फुटेज का ही सहारा लिया जा रहा है.

