ABC News: बिठूर थानाक्षेत्र के रतन प्लैनेट अपार्टमेंट में पार्किंग के विवाद में सोसाइटी सचिव की नाक को चबाने वाले आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पीड़ित परिवार ने पुलिस कमिश्नरेट दफ्तर में गुहार लगाई है.
पीड़ित सोसाइटी सचिव रूपेंद्र सिंह यादव के परिजन बुधवार को पुलिस कमिश्नरेट दफ्तर पहुंचे और यहां पर वह अपर पुलिस आयुक्त और डीसीपी वेस्ट से मिले. पीड़ित परिजनों का कहना है कि इस मामले में पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है. घटना के बाद उन्होंने एफआईआर दर्ज करायी तो आरोपी को कुछ समय के लिए थाने में पुलिस लेकर आयी लेकिन देर रात उन्हें थाने से ही रिहा कर दिया. बिठूर पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर पीड़ित परिवार ने कई सवाल भी उठाए.
पीड़ित की बेटी नेहा का कहना है कि आरोपी की वजह से उनके पिता की नाक का आधा हिस्सा कटकर अलग हो गया है. आरोपियों से उन्होंने खुद को भी खतरा बताया है. इस पर उन्हें आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ धारा बढ़ाने का भी आश्वासन दिया गया है.

