ABC News: काकादेव के ओम चौराहा पर बीच सड़क पेशाब करने का विरोध कारोबारी की जान पर भारी पड़ गया. यहां पर शराब के नशे में धुत दबंगों ने विरोध करने पर कारोबारी को घेरकर बेरहमी से पीटा और ईंट से सिर पर कई वार कर दिए. गंभीर रूप से घायल कारोबारी ने देर रात उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. पूरी घटना घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में चार युवक मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं.
पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर आरोपितों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं. नवीन नगर निवासी रुद्र प्रताप सिंह के अनुसार उनके पिता अमित कुमार कारोबारी थे और काकादेव में प्रेम ऐड नाम से दुकान चलाते थे. शनिवार रात वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे. ओम चौराहे के पास कुछ युवक शराब के नशे में खड़े थे. आरोप है कि इनमें से एक युवक बीच सड़क पर पेशाब करने लगा. अमित ने उसे ऐसा करने से मना किया तो युवक और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर चारों युवकों ने अमित को घेरकर पीटना शुरू कर दिया. आसपास के लोगों ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की. इसी दौरान आरोपितों ने ईंट उठाकर अमित के सिर पर कई वार कर दिए.
सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े. इसके बाद आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग निकले. परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, जहां पर उपचार के दौरान देर रात उनकी मौत हो गई. मंगलवार को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की. उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि सीसीटीवी फुटेज में आरोपित स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं. इसके बावजूद तीन दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई, पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है.

