ABC News: महाराजपुर थानाक्षेत्र के सलेमपुर गांव में जुए के विवाद में युवक की संदिग्ध मौत हो गई. परिजनों ने जुए के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है. फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की. पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की बात कही है.
बताया जा रहा है कि सलेमपुर निवासी सौरभ सिंह प्राइवेट जॉब करता था. रविवार को वह खरीदारी के लिए बाजार गया हुआ था. परिजनों का कहना है कि देर शाम तक घर न लौटने पर जब उसकी खोजबीन शुरू की गई तो खेत में उसका शव मिलने की सूचना मिली. मृतक के मामा का कहना है कि जब वह लोग मौके पर पहुंचे तो सौरभ की नाक से खून निकल रहा था. इसके अलावा पैर की स्किन भी निकल रही थी. ऐसे में आशंका जताई गई कि हत्या कर उसकी पहचान मिटाने की भी कोशिश की गई. परिजनों का आरोप है कि सलेमपुर में खुलेआम जुआ चलता है, जिसकी जानकारी पुलिस को भी है लेकिन एक्शन नहीं होता है. उन्होंने आरोप लगाया कि जुएं के विवाद में ही सौरभ की हत्या हुई है. वहीं, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

