ABC News: नौबस्ता थानाक्षेत्र के हंसपुरम में लापता हुए रेलवे अधिकारी का शव मंगलवार को नाले में मिला है. रेलवे अधिकारी का शव मिलने के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है. गौरतलब हो कि बीती पांच जुलाई को हंसपुरम निवासी और रेलवे में मुख्य कार्यालय अधीक्षक लक्ष्मी नारायण प्रसाद घर से ड्यूटी के लिए निकले थे.

इसके बाद जब वह अपने दफ्तर नहीं पहुंचे तो वहां से परिजनों के पास फोन आया. तब परिजनों ने ड्यूटी जाने की बात बताई. दफ्तर न पहुंचने पर परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की लेकिन कुछ पता नहीं लग पाया. परिजनों का कहना था कि लक्ष्मी नारायण प्रसाद लकवाग्रस्त भी थे. इस बीच उनके मोबाइल पर कॉल की गई लेकिन मोबाइल स्विच आफ बताता रहा.
इसके बाद अनहोनी की आशंका जताते हुए परिजनों ने नौबस्ता थाने में जानकारी दी. इसके बाद मंगलवार को घर से कुछ दूरी पर आवास विकास के सामने नाले में उनका शव मिला. पुलिस की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने उनकी शिनाख्त की.

