ABC News: कानपुर के हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के संजय गांधी नगर में पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया. आरोप है कि छोटे भाई ने बड़े भाई की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी और शव को पड़ोस के खाली प्लाट में फेंककर फरार हो गया. मृतक की पहचान आनंद सिंह उर्फ रगडू के रूप में हुई है. वह संजय गांधी नगर में रहता था. बताया जा रहा है कि देर रात नशे की हालत में दोनों भाइयों के बीच पारिवारिक विवाद हो गया. यह विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इस दौरान छोटे भाई ने बड़े भाई को ईंट से कुचलकर मार डाला. हत्या के बाद शव को सचिन कुमार पाल के खाली प्लाट में फेंक दिया गया.

मोहल्ले वालों के अनुसार, झगड़े के दौरान प्रियम, उसकी पत्नी रानी और बेटी शीतल तीनों आनंद को घसीट-घसीट कर मार रहे थे. बताया जा रहा है कि हत्या से पहले घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे को भी बंद कर दिया गया था. सुबह पड़ोसियों ने खाली प्लाट में शव देखा तो पुलिस को सूचना दी. सूचना पर पहुंची हनुमंत विहार पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
पुलिस ने आरोपी की पत्नी रानी और बेटी शीतल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है जबकि आरोपी प्रियम की तलाश चल रही है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, आरोपी की तलाश की जा रही है.

