ABC News: कानपुर में भाजपा से जुड़े विवादों में लगातार बढ़त दर्ज की जा रही है. ऐसा ही एक वाक्या आज प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की प्रेस कांफ्रेंस में दिखा. सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जब प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की प्रेस कांफ्रेेंस शुरू हुई तो उसी वक्त भाजपा के उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित संगठन के अन्य पदाधिकारियों के साथ अचानक से बाहर निकल आए.
बताया जा रहा है कि प्रभारी मंत्री की प्रेस कांफ्रेंस में कुर्सी को लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं में विवाद हुआ. उत्तर जिलाध्यक्ष को बैठने के लिए कुर्सी तक नहीं मिली. जिसके बाद वह नाराज होकर प्रेस कांफ्रेंस स्थल से बाहर आकर सोफे में बैठ गए. यहां पर मौके की नजाकत को भांपते हुए तहसीलदार विनय द्विवेदी ने उनकी मान मनौव्वल की कोशिश की लेकिन उत्तर जिलाध्यक्ष ने तो पहले उनसे भी नाराजगी दिखाई लेकिन बाद में मुुस्कुराते हुए यही कहते रहे कि प्रेस कांफ्रेंस सरकार की है, वह संगठन के हैं, ऐसे में उनका प्रेस कांफ्रेंस में कोई रोल नहीं. हालांकि, यहां पर यह बात दीगर है कि इसी प्रेस कांफ्रेंस में दक्षिण जिलाध्यक्ष बैठे रहे.
हालांकि, मान मनौव्वल के बाद वह वापस गए, इस बीच पत्रकारों से उत्तर जिलाध्यक्ष ने कहा कि प्रेस कांफ्रेंस सरकार की थी, संगठन की नहीं. संगठन की प्रेस कांफ्रेंस होती, तो वो भी बैठते, सरकारी काम में संगठन ज्यादा बाधा नहीं डालता. नाराजगी के सवालों को उन्होंने यह कहकर इनकार कर दिया कि गुट देखने वालों की नजरें गलत हैं.

