ABC News: कानपुर के सेन पश्चिमपारा थाना क्षेत्र में अपराधियों ने कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती देते हुए एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. यहां पर नकाबपोश बदमाशों ने भाजपा के प्रदेश मंत्री और तीन बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके रमेश यादव के फॉर्म हाउस में घुसकर उन्हें बंधक बना लिया. इस दौरान, बदमाशों ने उनके हाथ-पैर बांधकर 12 लाख रूपए कैश, सोने की ब्रेसलेट और चेन लूट ले गए. चर्चा है कि बदमाशों ने करीब 50 लाख रूपए की लट को अंजाम दिया है.
इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में उच्चाधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया. आनन फानन में अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा, डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी और स्थानीय थाने की भारी फोर्स तुरंत रमेश यादव के आवास पर पहुंची. बताया जा रहा है कि पुलिस ने आसपास के इलाकों की नाकेबंदी कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है.
बता दें कि रमेश यादव तीन बार ब्लॉक प्रमुख रह चुके हैं और वर्ष 2022 में बसपा के टिकट पर बिठूर विधानसभा सीट से चुनाव भी लड़ चुके हैं. इसके अलावा, वह एक अक्टूबर को BJP पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री बने थे. सोमवार को लखनऊ में पदभार ग्रहण करने के बाद रात में कानपुर पहुंचे. घर से 500 मीटर दूर फार्म हाउस में अकेले रुके थे. यहां पर चार गार्ड तैनात भी तैनात थे. पुलिस को जांच में फार्म हाउस में घुसते हुए बदमाशों का CCTV फुटेज नहीं मिला., हालांकि, भागते समय दो बदमाश कैमरे में कैद हुए हैं. दोनों वॉशबेसिन पर पैर रखकर टीन शेड के ऊपर से कूदकर भागे. बताया जा रहा है कि दोनों ने काले रंग के कपड़े पहन रखे थे. जानकारी के अनुसार, रमेश यादव का फार्म हाउस 4 बीघे में बना है, जिसमें बाउंड्री 10 फीट ऊंची है. इसके अलावा, ऊपर 2 फीट के कंटीले तार लगे हैं. बताया जा रहा है कि फॉर्म हाउस में घुसते ही बदमाशों ने उनके हाथ पैर बांध दिये और मुंह पर टेप लगाकर उन्हें बाथरूम में बंद कर दिया.
किसी परिचित के शामिल होने की आशंका
भाजपा पिछड़ा मोर्चा के प्रदेश मंत्री और पूर्व ब्लॉक प्रमुख रमेश यादव को बंधक बनाकर हुई लूट का पुलिस जल्दी ही खुलासा कर सकती है. पुलिस ने इस घटना के बाद दो संदिग्धों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि भाजपा नेता रमेश यादव के साथ हुई घटना के खुलासे के लिए आठ टीमों का गठन किया गया है. पुलिस टीमें वहीं पर कैंप किए हुए हैं. भाजपा नेता ने पूछताछ में बताया कि वह पहली बार फॉर्म हाउस में करीब 12 लाख रूपया लाए थे. इससे पहले वह एक लाख रूपए तक की नकदी ही यहां पर लाते थे. ऐसे में पुलिस मानकर चल रही है कि घटना में किसी जानकार व्यक्ति का हाथ है और उसे बात की पूरी सूचना थी कि भाजपा नेता के पास इतनी बड़ी रकम मौजूद है. आशंका इस बात की भी जताई जा रही है कि भाजपा नेता के आसपास रहने वाला कोई शख्स इस वारदात में शामिल हो सकता है. पुलिस आयुक्त ने बताया कि भाजपा नेता ने जो तहरीर दी है. उसके अनुसार, दो बदमाश उनसे 12 लाख रूपए कैश, सोने का एक ब्रेसलेट और एक गोल्ड चेन लूटकर ले गए हैं. उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें लगातार जांच कर रही हैं, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.

