ABC News: साउथ सिटी में एक बड़े साइबर ठग के गिरोह का पर्दाफाश हुआ है. बर्रा पुलिस ने आनलाइन गेमिंग ऐप की आड़ में लोगों को फंसाकर ठगी करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है. गैंग का खुलासा करते हुए डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि गिरोह आनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से लोगों को फंसाते थे.
इसमें शुरूआत में तो जिसे फंसाया जाता था, उसे जिताया जाता था, इसके बाद जब वह बड़ी रकम लगाता था, तो उसे हरा दिया जाता था. गेम में पूरा कंट्रोल गैंग के सदस्यों के पास रहता था. गैंग का सरगना स्वरूपनगर निवासी अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा फरार चल रहा है, उसने अपने साथी सिद्धार्थ विश्वकर्मा, जोकि बीसीए का छात्र है, उसकी मदद से गैंग तैयार किया था और बाकी सदस्यों सैलरी पर रखा था, सभी को किराए के एक फ्लैट में रखा गया था, जहां से सारी गतिविधि संचालित होती थी.
इसके अलावा यह भोले भाले गरीब लोगों के एकाउंट में पैसा ट्रांसफर कराते थे. जिसमें एटीएम पासबुक आदि उनसे ले लिया जाता था. उनके पास से करीब सवा तीन लाख रूपए नकद, 22 मोबाइल, सात एटीएम कार्ड, चार वाहन बरामद हुए हैं. विभिन्न् खातों में जमा 52 लाख की रकम को फ्रीज कराया जा रहा है.

