ABC News: कानपुर में एसआईआर के काम में लापरवाही बरतने पर सहायक अध्यापक को निलंबित कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि सहायक अध्यापक बीएलओ के तौर पर निर्वाचन के कार्यों में रूचि नहीं दिख रहे थे और निर्देशों की अवहेलना कर रहे थे. इसके अलावा बिना किसी पूर्व सूचना के वह जिले से बाहर रह रहे थे. जिसके बाद उनके खिलाफ एक्शन लिया गया है.

जिन सहायक अध्यापक कमल सिंह का सस्पेंड किया गया है, वह प्राथमिक विद्यालय पातिन निवादा, विकास खंड बिल्हौर में तैनात हैं. एसीएम द्वितीय और कैंट विधानसभाा के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी की संस्तुति पर बीएसए ने एक्शन लिया है. सहायक अध्यापक कमल सिंह को भाग संख्या 176 में बीएलओ के रूप में नामित किया गया था. लेकिन वह लगातार इसमें लापरवाही बरत रहे थे और जिले से बाहर रह रहे थे. जिसके चलते एसआईआर का काम प्रभावित हो रहा था. इसे निर्वाचन कार्य के प्रति उदासीनता मानते हुए निर्वाचन अधिनियम 1950 के अंतर्गत कार्रवाई की संस्तुति की गई थी.

बीएलओ ऑफ द डे बनीं प्रज्ञा वाजपेयी
वहीं एसआईआर के काम में बेहतर प्रदर्शन करने पर कल्याणपुर विधानसभा के द मॉडल इंटर कॉलेज, खलासी लाइन भाग संख्या 306 की बीएलओ प्रज्ञा बाजपेयी को ‘बीएलओ ऑफ द डे’ घोषित करते हुए सम्मानित किया गया. बताया गया कि कुल 895 मतदाताओं वाले इस बूथ पर उन्होंने निर्धारित समयावधि से पूर्व ही शत-प्रतिशत पुनरीक्षण का कार्य पूर्ण कर मिसाल कायम की. गुरुवार को सहायक निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं उपायुक्त उद्योग अजनीश प्रताप सिंह तथा सहायक प्रबंधक रश्मिकला ने बीएलओ प्रज्ञा वाजपेयी को प्रशस्ति पत्र, शॉल व माल्यार्पण कर सम्मानित किया
