ABC News: परमट स्थित प्राथमिक विद्यालय में एक जुलाई को बिना अनुमति के सपा के राष्ट्रीय अखिलेश यादव का जन्मदिन मनाने के मामले में सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी पर एफआईआर दर्ज हुई है. यह एफआईआर स्कूल के निलंबित हेड मास्टर की तरफ से दर्ज करायी गई है. इसके बाद सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं.
सपा विधायक ने कहा कि निलंबित हेडमास्टर ने जबरन बर्थडे मनाने की बात कही है जबकि जब स्कूली बच्चों को ड्रेस और अन्य सामान बांटा जा रहा था, तो हेड मास्टर भी वहां पर हंसते मुस्कुराते हुए खड़े थे. जहां पर केक काटा गया, वहां पर कोई मौजूद नहीं था. सपा विधायक ने कहा कि जब बलपूर्वक भाजपा के एक नेता ने मजदूर को मारा था, जब उन्हें चप्पलें दिखाई गई थीं. उस मामले में एफआईआर आज तक दर्ज नहीं हुई. इसके अलावा सांसद रमेश अवस्थी पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब उन्होंने बिना अनुमति स्कूल जाकर बच्चों को न से नरेंद्र पढ़ाया तब भी कुछ नहीं हुआ, उन्होंने प्रशासन पर दोहरा पैमाना अपनाने का आरोप लगाया. सपा विधायक ने कहा कि भाजपा के एक अहंकारी नेता के घर के सामने वह स्कूल बनवा रहे हैं, इसी से उसे चिढ़ है. जब उन्हें यहां पर कार्य कराने की एनओसी दी गई थी, तो अधिकारी ने दूसरी एनओसी क्यों जारी की. विधायक ने सांसद रमेश अवस्थी पर भी बिना नाम लिए हुए जमकर हमला किया.
स्कूल को नेतागिरी का अड्डा नहीं बनाना चाहिए
समाजवादी पार्टी के विधायक अमिताभ बाजपेयी पर दर्ज हुई एफआईआर के बाद भाजपा ने एक बार फिर से उन पर निशाना साधा है. भाजपा उत्तर जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा है कि किसी को भी विद्यालय को नेतागिरी का अड्डा नहीं बनाना चाहिए. स्कूल को अगर राजनीतिक अखाड़ा बनाया जाता है तो बच्चों में गलत संस्कार जाते हैं. उन्हेांने कहा कि अगर अमिताभ बाजपेयी को सपा मुखिया का जन्मदिन मनाना ही था तो पूरी विधानसभा में कहीं भी आयोजन कर लेते, शिक्षा के मंदिर में फोटो, बैनर लगाकर वह कौन सा संदेश देना चाहते थे.

