ABC News: कानपुर में आपरेशन साइबर वज्र के तहत कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के एक और संगठित गिरोह का राजफाश हुआ है. नवाबगंज पुलिस और सेंट्रल जोन साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से 25 एटीएम कार्ड, तीन चेकबुक, पांच मोबाइल फोन, साइबर अपराध से कमाए 58,800 रुपये, एक कार और एक बाइक बरामद की है.
एसीपी आकांक्षा पांडेय ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि साइबर अपराधियों का गिरोह गंगा बैराज-बिठूर रोड स्थित विद्या विहार कट के पास आ रहा है. यहां पर ठगी की रकम के बंटवारे समेत अपराध में इस्तेमाल किए गए एटीएम कार्ड और चेकबुक भी नष्ट की जाएगी. इस पर पुलिस ने घेराबंदी करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया. जांच में सामने आया कि गिरोह भोले-भाले लोगों को शेयर मार्केट में निवेश पर अधिक मुनाफे और कमीशन का लालच देकर उनके नाम से बैंक खाते खुलवाता था. इसके बाद एटीएम कार्ड, चेकबुक और सिम कार्ड अपने कब्जे में लेकर उन खातों से साइबर ठगी और आनलाइन गेमिंग से प्राप्त रकम मंगाई जाती थी.
गिरोह का सरगना क्षितिज द्विवेदी अपने साथियों को प्रत्येक बैंक खाता उपलब्ध कराने पर 15 से 20 हजार रुपये देता था. सभी एटीएम का एक समान पासवर्ड रखा जाता था. पूछताछ में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम को क्रिप्टो करेंसी में बदलकर विभिन्न माध्यम से दिल्ली में बैठे सरगना के जरिए विदेश भेजा जाता था. एनसीआरपी पोर्टल पर गिरोह से जुड़े बैंक खातों के खिलाफ 50 से अधिक साइबर शिकायतें मिली हैं. पुलिस के अनुसार इन खातों के जरिए देश के विभिन्न राज्यों के लोगों से करीब 1.50 करोड़ रुपये की साइबर ठगी की गई.

