ABC News: ऐसा लगता है कि कानपुर की सीमा से जुड़े इलाके मिनी जामताड़ा बन चुके हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि कानपुर कमिश्नरेट ने कुछ दिनों पहले रेउना थानाक्षेत्र में 12 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया था. इसके बाद अब सचेंडी थानाक्षेत्र में 13 साइबर अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है.
पुलिस ने ड्रोन की मदद से साइबर अपराधियों को पहले चिंह्ति किया और उसके बाद चौतरफा घेराबंदी कर इन्हें गिरफ्तार किया. पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि साई वज्र अभियान के तहत सचेंडी के चार गांवों मेें डीसीपी क्राइम की अगुवाई में छापा मारा गया, जिसमें 13 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके पास से तीन वाहन, 29 मोबाइल, सिम, आदि बरामद हुए हैं. एनसीआरपी पोर्टल पर इस गिरोह के खिलाफ 179 शिकायतें दर्ज हैं. आरोपी हर सप्ताह अपना सिम बदल देते थे. यूपी, मध्यप्रदेश, दिल्ली, उत्तराखंड, तमिलनाडु समेत सात राज्यों में गिरोह ने हजारों वारदातें की हैं. इसमें पुलिस अधिकारी की फोटो लगाकर पोर्न फिल्में देखने के नाम धमकाया जाता था. इसके अलावा पीएम आवास के आवंटियों से भी ठगी की जाती थी. आरोपी इतने शातिर हैं कि गांव के आसपास जो सड़कें क्षतिग्रस्त अवस्था में हैं, उसे बनने तक नहीं देते थे.
साइबर ठगी के लिए आनलाइन गेमिंग साइट से आईडी बनाकर क्यूआर कोड जेनरेट कर उसमें रकम मंगाते थे, जिसमें 30 प्रतिशत हिस्सा बोगस गेमिंग साइट को जाता था., अब तक गिरोह दो करोड़ रूपए से ज्यादा का फ्रॉड कर चुका है. पुलिस आयुक्त ने बताया कि गिरोह के 20 सदस्य अभी भी फरार है. ठगी करने के बाद गिरोह मथुरा, खाटू श्याम से लेकर जैसलमेर तक घूमने गया,, इनके खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई कर अपराध से अजिर्त संपत्ति कुर्क करने की भी बात कही.

