ABC News: नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में एक तरफ जहां नामकरण पर जोर रहा, वहीं, हाउस टैक्स में मिलने वाली दस प्रतिशत छूट को 30 सितंबर तक के लिए बढ़ा दिया गया है. इसके अलावा नानाराव पार्क में श्याम महोत्सव स्थल का किराया अब एक ही दिन का लिया जाएगा. पहले यहां पर दो दिन का किराया वसूला जाता था.
कार्यकारिणी बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए महापौर ने बताया कि चकेरी एयरपोर्ट का नाम अब पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के नाम पर होगा, इसका प्रस्ताव कार्यकारिणी ने पास कर दिया है.इस प्रस्ताव को अब केंद्र और प्रदेश सरकार के पास भेजा जाएगा. इसके अलावा कैनाल पटरी एक्सप्रेस रोड का नाम पूर्व मुख्यमंत्री राम प्रकाश गुप्ता के नाम पर होगा. इसके अलावा कई अन्य सड़कों के भी नामकरण किए गए हैं. महापौर ने बताया कि बुद्धा पार्क में बनने वाले शिवालय पार्क को लेकर नगर आयुक्त से रिपेार्ट मांगी है. तुलसी उपवन में डॉग्स के लिए बनने वाले प्रोजेक्ट पर भी महापौर ने मनाही कर दी है. महापौर ने बताया कि कई वॉर्डों के विकास कार्यों को भी स्वीकृति प्रदान की गई है. इसके अलावा कार्यकारिणी की बैठक में सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी को भी बुलाया गया, जिसमें नगर निगम में तैनात नगर स्वास्थ्य अधिकारियों को लेकर जवाब तलब किया गया. इसमें बताया गया कि नगर निगम में केवल मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी और नगर स्वास्थ्य अधिकारी के ही पद है. अतिरिक्त नगर स्वास्थ्य अधिकारी के बारे में बताया गया कि वह शासन से आदेश कराकर लाए थे, इस पर महापौर ने नगर आयुक्त को निर्देश दिए कि इसके बारे में जांच कराए कि क्या अन्य नगर निगमेां में भी यह पद है, अगर नहीं है तो फिर शासन को इसके बारे में जानकारी भेजी जाएगी.

