ABC News: गंगा मेला से पहले कानपुर में एक बार फिर रंगों की मस्ती का आलम देखा गया. गंगा मेला की पूर्व संध्या पर महापौर प्रमिला पांडेय ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया. नगर निगम गेस्ट हाउस में आयोजित कार्यक्रम में रंगों के धमाल के साथ गीत संगीत की महफिल सजी.

अवधी और ब्रज गीतों के साथ यहां पर फिल्मी गीतों पर पार्षदों से लेकर विधायक ने एक दूसरे के रंग, अबीर गुलाल लगाकर रंगों के पर्व का उत्साह मनाया. इस दौरान महापौर प्रमिला पांडेय भी पूरी तरह से होली के मूड में नजर आयी. महापौर ने यहां पर विधायक अमिताभ बाजपेयी को रंगों से नहला दिया. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के साथ फूलों की होली खेली. वहीं, पार्षदों से लेकर भाजपा नेताओं ने भी यहां पर होली के खूब रंग बरसाए. नगर निगम के टैंकर से एक दूसरे पर रंग बरसाया गया. महापौर ने कहा कि कानपुर की होली हमेशा से ही प्रसिद्ध रही है.

पनकी मंदिर में फूलों की होली
पनकी मंदिर में आयोजित होली मिलन समारोह में होली के रंग बरसे. यहां पर हनुमान जी के दर्शन करने के साथ ही मंदिर के महंत जितेंद्र दास और कृष्ण दास के साथ होली खेली. मंदिर के दोनों महंतों के साथ फूलों की होली खेली गई. इसके अलावा यहां पर संस्कृत वेदशालाके 50 से अधिक छात्रों ने भजनों की रसगंगा को बहाया. यहां पर राधा रानी की झांकी का भी आकर्षण बिखरा. कार्यक्रम में डॉ. हेमंत मोहन, शुभम शर्मा, कमलेश त्रिवेदी समेत अन्य रहे.

