ABC News: कानपुर में ई रिक्शों की बढ़ रही अराजकता और जाम की समस्या से निजात को लेकर मंडलायुक्त की अध्यक्षता में अहम बैठक हुई. इस बैठक में जो सबसे महत्वपूर्ण मुद्दा उठा, उसमें कहा गया कि कई ई रिक्शा मालिक ऐसे हैं, जिनके पास एक से अधिक ई रिक्शा हैं. इस पर मंडलायुक्त के विजयेंद्र पांडियन ने कहा कि एक ही रिक्शा कोई भी ड्राइवर चला सकता है लेकिन उसका वैरीफिकेशन जरूर कराया जाए.
बैठक में बताया गया कि कानपुर में वर्तमान में एक लाख ई रिक्शा सड़कों पर दौड़ रहे हैं. मंडलायुक्त ने अनरजिस्टर्ड ई- रिक्शा के संचालन को टेक्नोलॉजी के माध्यम से रोकने और इनके लिए रजिस्ट्रेशन कैंप लगाने के निर्देश दिए. कहा गया कि ई-रिक्शा के संचालन के लिए जो रूट निर्धारित किये गये हैं, उसका डाटा ITMS पोर्टल से लिया जाए. इसके अलावा निर्धारित चार जोन में कलर आवंटित कर इनका संचालन कराया जाए. बैठक में बताया गया कि प्रत्येक रूट पर ई रिक्शा का कोटा निर्धारित है. उसी पर इनका संचालन होगा. ई-रिक्शों के रजिस्ट्रेशन के लिए कैम्प ऑफिस व रजिस्ट्रेशन के लिए कर्मचारियों की नियुक्ति भी होगी.
ई-रिक्शा के रजिस्ट्रेशन की जांच करने के लिए आरटीओ से एपीआई. प्राप्त करने को कहा गया. साथ ही पुलिस आयुक्त, नगर आयुक्त, पुलिस उपायुक्त व आरटीओ और ई रिक्शा मैनेजमेंट के साथ बैठक करने के भी निर्देश दिए गए. मंडलायुक्त ने कहा कि ई रिक्शों का वाहन सारथी ऐप के माध्यम से वैरीफिकेशन कराया जाए. साथ ही क्यूआर कोड पर गंभीरता बरती जाए, क्योंकि इसके जरिए ही निर्धारित रूट पर उनके चलने या न चलने की पहचान हो सकेगी.

