ABC News: केडीए कॉलोनी, जाजमऊ में बैंक कर्मी के घर हुई लाखों की चेारी के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. जाजमऊ पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों के साथ चोरी के जेवर खरीदने वाले सर्राफ को भी गिरफ्तार कर करीब 35 लाख के सोने चांदी के जेवर बरामद किए हैं.
डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि केडीए कॉलोनी में चंदन अग्रवाल के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस की 4 टीमें गठित की गई थीं. पुलिस ने इस मामले में कांशीराम कॉलोनी निवासी अंकित गुप्ता और नाजिरबाग, बेकनगंज निवासी फिरोज उर्फ अजमेरी को गिरफ्तार किया. पुलिस पूछताछ में फिरोज ने बताया कि अंकित ने उसे इस बात की जानकारी दी थी कि जो जेवर चोरी किए गए हैं, वह सब नकली है.अंकित ने इसके बाद चोरी के 60 प्रतिशत जेवर अपनी मां को दे दिए थे, जो उन्होंने पास की नाली और गमले में छिपा दिए थे.
बाकी के जेवर खाड़ेपुर, नौबस्ता निवासी अनुराग त्रिपाठी नाम के सर्राफ को बेचे गए. जिसका सर्राफ ने अभी तक अंकित को भुगतान नहीं किया था. पुलिस ने अभियुक्तों के पास से 34 लाख कीमत के सोने के जेवर और करीब एक लाख रूपए से अधिक की चांदी बरामद की है. डीसीपी पूर्वी के अनुसार, अंकित पर पूर्व में पांच और फिरोज पर चार मुकदमें दर्ज हैं, यह लोग एक दिन पहले मकान की रेकी कर वारदात को अंजाम देते थे.

