ABC News: साउथ सिटी के योगेंद्र विहार में एक युवक ने पत्नी से हुए विवाद के बाद कैंची से ताबड़तोड़ वारकर खुद की जान ले ली. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है. बताया जा रहा है कि हनुमंत विहार थाना क्षेत्र के योगेंद्र विहार में रहने वाला दिनेश उर्फ अजय प्राइवेट नौकरी करता था.

कुछ दिन पहले मोबाइल पर बात और चैटिंग करने को लेकर दंपति में विवाद हो गया था. इसके बाद उसकी पत्नी मायके चली गई थी. गुरुवार को दिनेश ने पत्नी को कॉल की. बताया जा रहा है कि मोबाइल पर बातचीत की दौरान फिर से दोनों में विवाद हो गया, जिसके बाद दिनेश खुद पर कैंची से दनादन वार कर लहूलुहान कर लिया.

शोरगुल सुनकर जब परिवार के लोग मौके पर आए तो वहां के हालात देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. लहूलुहान हालत में दिनेश को परिजन पास के निजी अस्पताल ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मामले की जानकारी मिलते ही हनुमंत विहार थाने की पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर जांच करने पहुंची. पुलिस को यहां पर जगह जगह खून ही बिखरा हुआ नजर आया. पुलिस की पूछताछ में परिवार के लोगों ने पत्नी पर झगड़ा करने का आरोप लगाया है.
आरोप है कि इसी से तंग होकर युवक ने खुद को चाकू मारकर सुसाइड किया है. परिजनों ने बताया कि बहू हमेशा बेटे को परेशान करती थी. बहू पर उन्होंने बेटे के साथ पूर्व में मारपीट का भी आरोप लगाया. उन्होंने बहू पर बेटे को काफी ज्यादा परेशान करने का आरोप लगाया है.
डीसीपी ने बताया कि पूरे मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

