ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) कानपुर में कड़ाके की ठंड का कहर जारी है. शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई. हालात ऐसे हुए कि पारा गिरकर 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. फिलहाल ठंड से राहत मिलने के आसार नहीं हैं. दोपहर में निकली मामूली धूप भी ठंड के तेवरों से राहत नहीं दिला पायी.

वहीं, सीएसए के मौसम विभाग के रिकॉर्ड में कानपुर में 20 साल बाद इतनी ठंड पड़ी है. करीब 20 साल पहले साल 2002 में न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा था. हालात है कि शिमला, डलहौजी, मसूरी से भी ज्यादा ठंडा कानपुर हो गया है. चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विभाग के अनुसार, न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम रहा. वही, अधिकतम तापमान भी 13.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, यह भी सामान्य से 3.2 डिग्री कम रहा. फिलहाल, ठंड के तेवरों से राहत मिलने के आसार नहीं है.

शनिवार को मामूली रूप से धूप तो निकली, लेकिन कोहरा और बर्फीली हवाओं के आगे वह भी बेदम नजर आयी. मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार, उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने से पहाड़ों से आने वाली बर्फीली हवाओं का असर ज्यादा रहा. जिससे पूरे दिन कंपकंपी बनी रही. पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता अगले दो-तीन दिनों के बाद हो सकती है. फिलहाल 10 जनवरी तक इसी तरह का मौसम रहने का अनुमान जाहिर किया गया है. फसलों में पारे का भी खतरा बना हुआ है.

