ABC News: अरौल पुलिस ने पिछले 11 वर्षों से फरार चल रहे एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है. पकड़ा गया कुख्यात अपराधी कानपुर और जौनपुर में हुई डकैती और हत्या के मामले में वांछित चल रहा था. अभियुक्त बावरिया गैंग के सरगना रहे सलीम का भतीजा है. शातिर पर अलग अलग थानाक्षेत्रों में 75 हजार रूपए का इनाम भी घोषित है.
एसीपी बिल्हौर मंजय सिंह ने बताया कि पकड़ा गया कुख्यात अपराधी कल्लू मकनपुर का रहने वाला है. बिल्हौर के खाड़ामऊ गांव में राजा सिंह के घर में साल 2015 में डकैती पड़ी थी, जिसमें बदमशों ने घर से सदस्यों के साथ लाठी डंडों से मारपीट करने के साथ लूटपाट की थी. घटना मेें राजा सिंह की मौत हो गई थी. इसी मामले में यह आरोपी था और लगातार फरार चल रहा था और इस पर 25 हजार रूपए का इनाम भी घोषित था.
वर्तमान में यह छिपकर अमरोहा में रह रहा था. शुक्रवार सुबह उसे अवैध तमंचे और दो कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया.वहीं जौनपुर में डकैती और हत्या के मामले में अभियुक्त पर 50 हजार रूपए का इनाम घोषित था. शातिर के परिवार में कई कुख्यात अपराधी हैं, जिन पर कई मुकदमे दर्ज हैं.

