ABC News: कल्याणपुर थानाक्षेत्र में गाड़ी हटाने को लेकर हुए विवाद में अधिवक्ता की बैसाखी और लाठी डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. अधिवक्ता की हत्या के बाद आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया. यही नहीं, आक्रोशित भीड़ ने आरोपियों के घर को भी घेर लिया. मौके पर पहुंची पुलिस अफसरों ने फोर्स के साथ हालात को संभाला.

पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि कल्याणपुर खुर्द निवासी राजेश सिंह पेशे से अधिवक्ता थे. सोमवार रात वह इंद्रानगर स्थित अपनी ससुराल से वापस घर आ रहे थे. परिजनों का कहना है कि घर से कुछ दूरी पर रहने वाले धीरज तिवारी की गाड़ी बाहर खड़ी थी, जिस पर राजेश ने उनसे गाड़ी हटाने को कहा. बताया जा रहा है इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया और इसके बाद धीरज ने पत्नी और अन्य लोगों के साथ राजेश पर हमला बोल दिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपियों ने बैसाखी, लाठी डंडों से उनके साथ जमकर मारपीट की. किसी तरह मोहल्ले वालों ने बीच बचाव किया.
मारपीट में बुरी तरह घायल राजेश सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. अधिवक्ता की मौत के बाद आक्रोशित भीड़ आरोपियों के घर पहुंच गई और जमकर हंगामा किया. सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत कराया. पुलिस ने इस मामले में आरोपी धीरज तिवारी की पत्नी ज्योति, उसके भाई अमन को गिरफ्तार किया है. एडीसीपी विजयेंद्र द्विवेदी का कहना है कि अन्य आरोपियों की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं.

