ABC News: कानपुर में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है. यह फैसला उन वाहन चालकों पर भारी पड़ेगा, जो रॉन्ग साइड पर अपने वाहन चलाते हैं. रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों पर अब सख्ती बरती जाएगी. मंडलीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में फैसला लिया गया कि रॉन्ग साइड वाहन चलाने वालों को ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड किया जाएगा. दूसरी बार पकड़े जाने पर डीएल को कैंसिल किया जाएगा. कमिश्नर राजशेखर ने ये जानकारी दी.

कमिश्नर ने समीक्षा में पाया कि शहर के चिन्हित 95 ब्लैक स्पॉट्स में खास सुधार नहीं किए गए हैं. सख्त निर्देश दिए गए कि 30 अप्रैल तक सभी ब्लैक स्पॉट्स पर कमियों को दूर किया जाए. फोटो के साथ ऑनलाइन इसकी जानकारी भी देनी होगी. वहीं रॉन्ग साइड चलने वालों की कोई भी नागरिक फोटो खींचकर ट्रैफिक विभाग को देगा तो उसे सम्मानित भी किया जाएगा. मंडल की समीक्षा में पाया गया कि पिछले साल के मुकाबले कानपुर नगर, कानपुर देहात और इटावा में सड़क दुर्घटनाओं में आई. लेकिन फर्रुखाबाद, कन्नौज और औरेया में सड़क दुर्घटनाओं में बीते साल के मुकाबले मृतकों एवं घायलों की संख्या बढ़ी है. इस पर कमिश्नर ने कड़ी नाराजगी जताई. सभी विभागों को चेतावनी दी कि तत्काल एक्सीडेंट की संख्या को कम करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं. लापरवाह अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया. समीक्षा में पाया गया कि ज्यादातर एक्सीडेंट रॉन्ग साइड चलने वालों की वजह से रिपोर्ट किए गए हैं. आरटीओ प्रवर्तन ने बताया गया कि मंडल में 1116 वाहनों के चालान रॉन्ग साइड चलने वालों के ही चालान किए गए हैं. कमिश्नर ने ऐसे सभी चालकों के विरूद्ध सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी के निर्देशानुसार संबंधित लाइसेंस धारकों का मोटर वाहन कानून की संबंधित धाराओं के अंतर्गत लाइसेंस सस्पेंड या निरस्त करने के निर्देश दिए. बैठक में डीसीपी ट्रैफिक द्वारा बताया गया कि कुछ वाहन डीलरों द्वारा बिना वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाए नए वाहन डिलीवर कर दिए जा रहे हैं. इस पर कमिश्नर ने कड़े निर्देश दिए कि बिना नंबर प्लेट के वाहन सड़कों पर पाये जाने पर वाहनों को सीज किया जाए. साथ ही ऐसे डीलरों के ट्रेड निलंबित करने की कार्यवाही परिवहन विभाग करें.

