ABC News: कानपुर के बर्रा में नाबालिग से इंस्टाग्राम पर दोस्ती और फिर हुक्काबार में बुलाकर रेप के आरोपी को बर्रा पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है. उसके अन्य साथियों की तलाश में पुलिस की टीमें दबिश दे रही हैं. आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है. वहीं, पीड़िता का बर्रा पुलिस ने मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराने के लिए पाक्सो कोर्ट में पेश करेगी.
थाना क्षेत्र बर्रा में नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म के प्रकरण में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी एवं पुलिस कार्यवाही के सम्बन्ध में पुलिस उपायुक्त दक्षिण महोदय की बाइट। @Uppolice pic.twitter.com/g0yuHh9qHT
— POLICE COMMISSIONERATE KANPUR NAGAR (@kanpurnagarpol) March 6, 2023
बर्रा में नाबालिग छात्रा से रेपकांड का मुख्य आरोपी विनय ठाकुर को बर्रा पुलिस ने अरेस्ट कर लिया. पूछताछ में उसने बताया कि उसके किशोरी से प्रेम संबंध थे. वह बड़े घर की लड़की थी इसके चलते उससे शादी करना चाहता था. उसे कोचिंग के अन्य साथी दोस्तों से बात करना पसंद नहीं था. इस बात को लेकर उसका राजस्थान कोटा के एक होटल में झगड़ा हुआ था. इसके चलते उसने छाती पर ब्लेड से कुरेद कर अपना नाम विनय ठाकुर लिख दिया था. इतना ही नहीं लाइटर से बाल भी जलाया था. इसी के चलते उसे बर्रा कर्रही के हुक्काबार में बुलाकर छात्रा से रेप भी किया और अपने दोस्तों के सामने भी परोस दिया था. दोस्तों ने भी छात्रा के साथ हैवानियत की थी, लेकिन हालत बिगड़ने पर भाग निकले थे. पुलिस उपायुक्त दक्षिण ने बताया कि विनय ठाकुर का साथी अमन सेंगर और अजय ठाकुर, जोकि हिस्ट्रीशीटर है. इन सभी को छोड़ा नहीं जाएगा. वहीं, नाबालिग लड़की ने मजिस्ट्रेट के सामने बयान भी दर्ज कराए हैं. इस बीच जिस हुक्का बार में रेप हुआ था, उसे सीज कर दिया गया है. आरोपितों पर गैंगस्टर की भी कार्रवाई हो सकती है.

ऐसा है पूरा मामला
लड़की के पिता ने बताया कि 3 मार्च को उनकी 16 साल की बेटी को जरौली निवासी विनय ठाकुर ने बुलाया. वह उसे कर्रही स्थित एमजी कैफे ले गया और जबरदस्ती हुक्का पिलाया. फिर कोल्ड ड्रिंक में नशीली दवा पिला दी. इसके बाद विनय ने बेटी से रेप किया. इसके बाद वह बेटी को सुनसान जगह ले गया. वहां विनय, उसके साथी अजय, अमन सेंगर और चार-पांच लड़कों ने मारपीट कर रेप करने की कोशिश की. नाकामयाब रहने पर बेटी के गाल के नीचे जोर से काट लिया, जिससे जख्म हो गया. इसके बाद सभी उसे छोड़कर भाग निकले थे और वह बदहवास हालत में घर पहुंची थी. पुलिस ने तहरीर मिलने के बाद तीन नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ रेप, मारपीट, जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी.

