ABC News: कानपुर के कैंट स्थित स्कूल का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है. इसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद कानपुर प्रांत के कार्यकर्ताओं ने जमकर प्रदर्शन किया. मालरोड स्थित बीएनडी कॉलेज से जुलूस निकालकर स्कूल की तरफ जाते एबीवीपी कार्यकर्ताओं को कैंट एरिया में पुलिस और सेना ने रोक दिया. इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता सड़क पर ही धरने पर बैठ गए और मामले में आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की.

इससे पहले बीएनडी कॉलेज में एकत्र हुए एबीवीपी कार्यकर्ताओं को यहां पर पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, तो उनके बीच झड़प हो गई. एबीवीपी कार्यकर्ताओं का कहना था कि पीड़ित छात्र के पिता की तरफ से मोबाइल पर हुई चैट के साथ अन्य सबूत देने के बावजूद आरोपी शिक्षिका पर अभी तक एक्शन नहीं लिया जा रहा है. इस पर पुलिस ने अभी जांच चलने की बात कही. पुलिस का कहना था कि जांच के बाद ही कोई कार्रवाई अमल में लायी जाएगी. इसके बाद एबीवीपी कार्यकर्ता जुलूस निकालकर स्कूल की तरफ बढ़े. भारी फोर्स के साथ मालरोड से मुरे कंपनी पुल होते हुए जैसे ही जुलूस कैंट एरिया में आया, तो वहां पर पुलिस और आर्मी के जवानों ने उन्हें मिलकर रोक दिया.

यहां पर धरने पर बैठे एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि इस मामले की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए. एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने स्कूल प्रिंसिपल पर भी कई आरोप लगाए. प्रांत मंत्री विक्रांत अग्निहोत्री ने कहा विद्यालय प्रशासन की तरफ से महापुरुषों के पाठ्यक्रमों पर क्रॉस का निशान लगाया गया है. इसकी भी जांच होनी चाहिए. इसके अलावा शिक्षिका ने छात्र से जो चैट की है, उसकी जांच की रिपोर्ट को भी पुलिस को बताना चाहिए. इस दौरान छात्र के पिता भी मौजूद रहे.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

