ABC News: कानपुर में पुलिस कमिश्नर दफ्तर में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती यहां पर लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गई. टॉवर पर करीब 50 फीट तक ऊंचाई पर चढ़ी युवती की जानकारी जब पुलिस अफसरों को लगी, तो वो भी अपने अपने दफ्तर से बाहर आ गए.
बताया गया कि युवती का प्रेमी पॉक्सो एक्ट के मामले में जेल में बंद था. उसी को छुड़ाने की मांग को लेकर युवती मंगलवार दोपहर को टॉवर पर चढ़ गइर्. इसके बाद एडिशनल पुलिस कमिश्नर डॉ. विपिन ताडा, डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी, स्टाफ अफसर अमरनाथ यादव समेत अन्य अफसर और फोर्स पहुंच गया.
काफी देर तक पुलिस अफसरों ने युवती को टावर से नीचे आने के लिए मान मनौव्वल की लेकिन उसने प्रेमी को मौके पर बुलाने की मांग करते हुए नीचे आने से मना कर दिया. इस बीच,कुछ वकीलों ने बताया कि युवती का प्रेमी राकेश सिंह निहार कोर्ट में पेशी पर आया है.
इसके बाद पुलिस अफसरेां ने उसके प्रेमी को मौके पर बुलाया, जिसके बाद युवती टॉवर से नीचे आयी और प्रेमी के गले लिपटकर रोने लगी. एडवोकेट ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि युवती करीब डेढ़ पहले अपने प्रेमी के साथ चली गई थी, उसकी मां ने युवती के नाबालिग होने की बात कहकर प्रेमी पर मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था.
आज कोर्ट में मामले की सुनवाई थी, यहां पर मां से विवाद के बाद प्रेमी को बचाने के लिए युवती टॉवर पर चढ़ गई. पुलिस अब दोनों से पूछताछ कर रही है. अपर पुलिस आयुक्त डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि युवती की काउंसिलिंग करायी जा रही है. युवती किसके साथ आयी, किसके उकसावे पर टॉवर पर चढ़ी,इसकी भी जांच की जा रही है.

