ABC News: गंगा बैराज-बिठूर रोड पर हुई युवक की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. मृतक प्रदीप यादव की हत्या सिर्फ इसलिए की गई, क्योंकि वह आरोपियों के दुश्मन का दोस्त था. यह बात जब आरोपियों को पता लगी तो उन्होंने प्रदीप की निर्ममता से हत्या कर दी.

हत्या का खुलासा करते हुए डीसीपी सेंट्रल प्रमोद कुमार ने बताया कि मूलत: कन्नौज का निवासी प्रदीप यादव नवाबगंज में रहकर एसएससी की तैयारी कर रहा था. उन्होंने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि देर रात जब वह लोग ई रिक्शा में जा रहे थे, तब प्रदीप ने गाली देते हुए ई रिक्शा रोकने को कहा. इसके बाद फिर से गाली देते हुए तिलक चौराहा तक छोड़ने को कहा. ई रिक्शा में बैठने के दौरान उसका ललित निषाद, अंकुर सैनी और सूरज दिवाकर से विवाद हो गया. इसी विवाद के दौरान प्रदीप ने अपने दोस्त देवा का जिक्र किया, जिस पर ई रिक्शा में बैठे ललित निषाद ने देवा को अपना दुश्मन बताते हुए मारपीट की गई और उसके बाद हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया. ललित ने बताया कि देवा से विवाद की वजह से उसकी रंजिश चल रही थी. डीसीपी सेंट्रल ने कहा कि पुलिस ने इस हत्याकांड का छह घंटे के अंदर अनावरण कर दिया. उन्होंने बताया कि सबसे पहले ई रिक्शा चालक सूरज दिवाकर को पकड़ा गया, उसकी निशानदेही पर बाकी दोनों आरोपियों को पकडा गया. उन्होंने बताया इसके ललित काफी शातिर किस्म का है और हत्याकांड को अंजाम देने के बाद उसने अपने खून से सने कपड़े फेंक दिए थे, लेकिन पुलिस ने उसे भी बरामद कर लिया है.

