ABC News: कल्याणपुर थानाक्षेत्र के दयानंद विहार में युवक की 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से चिपककर मौत हो गई. बताया जा रहा है कि युवक पेड़ पर चढ़कर सहजन तोड़ रहा था, इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. हादसे के बाद राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक के शव को पेड़ से नीचे उतारा.

स्थानीय लोगों के अनुसार, जिस समय युवक सहजन तोड़ने के लिए पेड़ पर चढ़ रहा था, उस समय लोगों ने उसे मना भी किया था लेकिन उनकी बातों को अनसुना कर पेड़ पर चढ़ गया. इसी दौरान वह हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने पहले यहां पर एचटी लाइन की विद्युत सप्लाई बंद कराई. इसके बाद नगर निगम की क्रेन मंगाकर काफी मशक्कत के बीच उसके शव को पेड़ से उतारकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा.
केस्को पैनल के करंट की चपेट में आयी बच्ची
पीपीएन मार्केट में शाम को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक लड़की सड़क किनारे लगे केस्को पैनल के करंट की चपेट में आ गई. बच्ची के करंट की चपेट में आने से मची चीखपुकार के बीच किसी तरह राहगीरों ने उसे बचाया और आनन फानन में उपचार के लिए उसे उर्सला अस्पताल भेजा. बताया जा रहा है कि शुक्लागंज के इकलाख नगर में रहने वाली आठ साल की बच्ची आयत अपने परिवार के साथ परेड में खरीदारी करने आयी थी.
पीपीएन मार्केट के पास बच्ची को लघुशंका लगी तो वह सड़क किनारे कूड़े के ढेर के पास चली गई. यहां पर केस्को का ट्रांसफॉर्मर और पैनल भी लगा हुआ है, इसी दौरान बच्ची करंट की चपेट में आ गई. इससे उसका दाया हाथ बुरी तरह झुलस गया. इस दौरान स्थानीय लोगों ने किसी तरह बच्ची को बचाया और उसे उर्सला अस्पताल भेजा गया.

