ABC News: रावतपुर थाने में हिरासत के दौरान युवक ने बाथरूम में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. युवक के आत्महत्या की जानकारी पाकर थाने में मौजूद पुुलिस कर्मियों मेें हड़कंप मच गया. घटना की जानकारी ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर आशुतोष कुमार, डीसीपी वेस्ट दिनेश चंद्र त्रिपाठी, एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह, एसीपी चकेरी अभिषेक पांडेय समेत कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा.
बताया जा रहा है कि काकादेव कच्ची मड़ैया, जय प्रकाश नगर निवासी दिनेश उर्फ गुड्डू शटरिंग का काम करता था. परिजनों के अनुसार, मां की मौत के बाद वह अपनी बुआ रेनू के घर में बीते एक साल से रहता था. बताया जा रहा है कि दिनेश शराब का लती था, आए दिन शराब के नशे में धुत होकर विवाद करता था. जिस पर उसके पिता पप्पू ने एक साल पहले उसे घर से निकाल दिया था. पुलिस के अनुसार, बुधवार देर रात दिनेश नशे में धुत होकर घर आया था, जिसका विरोध करने पर बुआ से उसका विवाद हो गया. इस पर गुड्डू ने लोहे के तार से बुआ का गला कस कर हत्या करने का प्रयास किया, चीख पुकार सुन मौके पर पहुंचे परिजन उसे पीटते हुए रावतपुर थाने ले आए.
यहां पर सुबह वह शौच के लिए बाथरूम गया था. बताया जा रहा है कि यहां पर उसने दरवाजा बंद कर टीशर्ट की लास्टिक से लोहे की चौखट से फंदा लगाकर जान दे दी. काफी देर तक बाथरूम से बाहर न निकलने पर पुलिसकर्मियों ने झांक कर देखा तो उसका शव लटकता मिला, जिससे पुलिसकर्मियों के हाथ पांव फूल गए. पुलिसकर्मी उसे हैलट अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

