ABC News: कानपुर में एक महीना पहले जुलाई में, जो महिला संपूर्ण समाधान दिवस में इस आस से 18 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची थी कि डीएम उसकी बात को जरूर सुनेंगे, उस वाक्ये के ठीक एक महीने बाद उसी महिला के दरवाजे पर खुद डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह खड़े नजर आए. आस की एक मुलाकात से दूसरी मुलाकात के बीच महिला रिंकी मिश्रा के न केवल भरोसे को मजबूत किया बल्कि उसकी दुनिया में बदलाव की तस्वीर भी पेश की.

महिला की फरियाद के बाद डीएम की पहल पर जनसहयोग से रिंकी मिश्रा के कच्चे घर की जगह पक्का घर बनवाया जा रहा है, जिसकी दीवारें खड़ी हो चुकी हैं ओर अब लिंटर डालने की जल्द तैयारी है. बताया गया कि रिंकी मिश्रा की जिंदगी पिछले कई वर्षों से संघर्षों के बीच गुजर रही थी. पति राजीव मिश्रा की करीब 10 वर्ष पूर्व आकस्मिक मृत्यु के बाद दो बेटियों की पूरी जिम्मेदारी उसके कंधों पर आ गई. बड़ी बेटी 16 वर्ष की है और पूर्णतः दिव्यांग होने के कारण उसे लगातार देखभाल की जरूरत रहती है, जबकि छोटी बेटी 14 वर्ष की है. आय का कोई स्थायी जरिया नहीं होने और बेहद कमजोर आर्थिक स्थिति के कारण घर चलाने से लेकर बेटियों की पढ़ाई, इलाज और भविष्य तक की चिंता रिंकी को घेरे रहती थी. जिस घर में रोज के राशन की चिंता थी, वहां अब अंत्योदय राशन कार्ड बन चुका है और रसोई गैस कनेक्शन भी मिल गया है.

रिंकी की निराश्रित महिला पेंशन शुरू हो गई है तो आयुष्मान कार्ड से परिवार को इलाज के खर्च की आर्थिक सुरक्षा मिली है. दिव्यांग बेटी का यूनिक आईडी कार्ड बन गया है, जिससे उसके लिए दिव्यांगजन कल्याण की योजनाओं का रास्ता खुला है. बेटियों को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना से भी आच्छादित किया जा रहा है. यही नहीं, रिंकी को घर के निकट प्राथमिक विद्यालय में उसे रसोइया के रूप में काम मिल गया है. अब उसके पास नियमित आय का अपना जरिया है.

अपने घर जिलाधिकारी को सामने देखकर रिंकी पिछली मुलाकात को याद किए बिना नहीं रह सकी. यही नहीं, डीएम ने रिंकी की छोटी बेटी का एडमिशन पंडित राम यश मेमोरियल एजुकेशन सेंटर में कराया और फीस भी जमा कराई थी. अब कक्षा सात की छात्रा अदिति ने यूनिट टेस्ट में प्रथम स्थान हासिल कर मां की उम्मीदों को नई उड़ान दी है. जिलाधिकारी उसके घर पहुंचे तो छोटी बेटी ने कहा कि वह भी बड़ी होकर डीएम बनना चाहती है और उनकी तरह सबकी मदद करना चाहती है.

