ABC News: उर्सला अस्पताल में डॉक्टरों की देखरेख में रह रही एक महिला अंतत: दस साल के लंबे इंतजार के बाद अपने परिवारवालों के पास सकुशल पहुंच गई. जिस महिला की कहानी हम आपको बताने जा रहे हैं वो पूरी तरह से फिल्मी भी है और भावुक कर देने वाली भी.
दरअसल, तेलंगाना राज्य के महबूबनगर में रहने वाली महिला भारत अम्मा यादव करीब 10 साल पहले साल 2015 में अपने घर से गायब हो गई थीं. उस समय उनकी मानसिक सेहत ठीक नहीं थी,, वहां से वह रेलवे स्टेशन पहुंची और फिर न जाने ढाई वर्ष पहले साल 2023 में कानपुर सेंट्रल स्टेशन पहुंच गईं. यहां पर उनके हाथ में फ्रैक्चर था और कई दिन तक जब वह स्टेशन में बैठी रहीं तो पुलिस कर्मियों ने उन्हें उर्सला अस्पताल में भर्ती कराया. यहां पर उनका नाम पता जानने की बहुत कोशिश की लेकिन न तो महिला की भाषा समझने वाला यहां पर कोई था और न ही महिला यहां पर किसी की बोली भाषा समझ पा रही थी. ढाई साल बाद जब उर्सला अस्पताल में डीएनबी का कोर्स कर रहे तेलगांना के डॉ. भारद्वाज ने महिला की भाषा सुनी तो उनसे बातचीत करने लगे, इस बातचीत में उन्हें महिला के परिवार का पता चला.
इसके बाद यहां पर सिस्टर इंचार्ज आशा वर्मा ने गूगल के जरिए महबूबनगर के उस थाने का नंबर निकाला, जहां पर महिला का घर आता है. इसके बाद उनके परिजनों को सूचना दी गई. बुधवार को उर्सला अस्पताल पहुंचे महिला के पुत्र और पुत्री उन्हें देखकर भावुक हो गए. दस साल बाद मां से मिलने पर सभी की आखों से आंसू की धार फूट पड़ी. उर्सला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीसी पाल ने बताया कि महिला का पूरा खर्च इस दौरान यहां के स्टाफ ने उठाया. उन्हें उनके बच्चों के साथ विदा कर दिया गया है.

