ABC News: जनरलगंज में बीती आठ दिसंबर को साड़ी दुकान में इलेक्ट्रिक ग्राइंडर से शटर काटकर आठ लाख की चोरी के मामले में पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार करने में सफलता पायी है. जनरलगंज में साड़ी दुकान में जिस तरह से घटना को अंजाम दिया था, उसके बाद यह घटना पुलिस के लिए चुनौती बन गई थी.
इस दौरान पुलिस ने आपरेशन त्रिनेत्र के तहत लगे कैमरों के साथ अपने मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और आखिर में जाकर उसकी तलाश फर्रूखाबाद के कासगंज में समाप्त हुई. एडीसीपी पूर्वी अंजली विश्वकर्मा ने बताया कि बादशाहीनाका पुलिस ने कासगंज निवासी हमवीर सिंह को गिरफ्तार किया है. इसके पास से 41 हजार रूपए, शटर काटने में चोरी हुआ इलेक्ट्रिक ग्राइंडर समेत कुछ कपड़े बरामद हुए हैं.
जब अभियुक्त से कड़ाई से पूछताछ की गई तो इसके पहले जनरलगंज में इसी तरह से चोरी की एक और घटना हुई, उसका भी खुलासा हो गया. उस घटना में करीब तीन लाख की चोरी हुई थी. उन्होंने बताया कि अभियुक्त पर पहले से ही 13 मुकदमें दर्ज हैं. आठ दिसंबर की घटना उसने अकेले की थी. इसके अलावा यह कई गैंग्स के साथ भी मिलकर चोरी की घटनाएं करता है.

