ABC News: जाजमऊ में किशोरी का अपरहण कर उसकी हत्या करने वाले 25 हजार के इनामी अपराधी की पुलिस से मुठभेड़ हो गई. मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है.

बताया जा रहा है कि साल 2022 में कन्नौज निवासी दीपक कुमार जाजमऊ के वाजिदपुर में नमामि गंगे योजना में मजदूरी करने आया था. यहां पर उसकी मुलाकात चौकीदार से हुई, इसके बाद में आरोपी दीपक ने चौकीदार से घरेलू संबंध बना लिए और उसी के घर मे रहने लगा. इसके बाद आरोपित नवंबर 2022 में चौकीदार की 13 वर्षीय बेटी को बहला फुसलाकर अपने साथ भगा ले गया था. साथ ही, पीड़ित की बाइक भी साथ ले गया था. इस घटना के छह माह बाद किशोरी का शव कन्नौज के सौरिख में मिला था.

घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था. शुक्रवार देर रात सूचना के आधार पर पुलिस को आरोपी दीपक के वाजिदपुर स्थित ट्रीटमेंट प्लांट के पास होने की सूचना मिली.इस पर जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी के पैर में गोली मारकर उसे गिरफ्तार कर लिया. आरोपी की गिरफ्तारी पर मृतक किशोरी की मां ने भी संतोष जाहिर किया है.

