ABC News: कानपुर के एनआरआई सिटी के क्लब में चल रही एक हाई-प्रोफाइल ड्रग्स पार्टी पर पुलिस ने जब छापा मारा तो यहां पर हड़कंप मच गया. पुलिस की छापेमारी के दौरान मौके पर आईआईटी कानपुर और सीएसजेएमयू सहित दूसरे राज्यों से आए कई छात्र मौजूद पाए गए.

पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल ने बताया कि ड्रग्स पार्टी में दिल्ली, राजस्थान, हरियाणा के अलावा कानपुर के यंगस्टर्स भी शामिल थे, जिसमें इंजीनियरिंग, मैनेजमेंट के साथ कॉलेज में पढ़ने वाले स्टूडेंट्स के अलावा कपल भी शामिल थे. यहां पर 140 से ज्यादा रईसजादे नशेड़ी जुटे थे. इन्हें इंस्ट्राग्राम पर प्रचार के माध्यम से एक-एक हजार रुपये की इंट्री फीस लेकर ड्रग्स पार्टी में शामिल होने का मौका दिया गया था.

पुलिस को यहां से प्रतिबंधित और सबसे महंगे ड्रग्स में शुमार एलएसडी (लाइसर्जिक एसिड डाई एथलामाइड) सहित कोकिन, चरस, गांजा और बड़ी संख्या में शराब मिली है. पुलिस ने एलएससी के सप्लायर, पार्टी के आयोजक को गिरफ्तार कर लिया है. इस तरह की पार्टी आयोजित करने के लिए एनआरआइ सिटी के आरडब्ल्यू को बयानों के लिए नोटिस जारी किया गया है. बताया गया कि पुलिस ने पार्टी के आयोजक जाजमऊ निवासी फरदीन को गिरफ्तार कर पार्टी में शामिल लोगों से पूछताछ की.
जिसमें सामने आया कि इंस्ट्राग्राम पर शोनिक शिफ्ट नाम से पार्टी आयोजित की गई थी. इसके बाद पुलिस ने पूछताछ के आधार पर ही मौके पर मौजूद मोहित जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया. मोहित जायसवाल ही वह व्यक्ति है, जो राजस्थान के पुष्कर से एसएसडी के अलावा अन्य ड्रग्स की सप्लाई पार्टी के लिए करता था.

