ABC News: कानपुर में एक दिन पहले आए आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के बाद रविवार को धूप निकलने से राहत देखी गई. हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने सात अप्रैल को फिर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आने का पूर्वानुमान जाहिर किया है.
उनका कहना है कि नया पश्चिमी विक्षोभ भी काफी सशक्त है और अगर उसके साथ कई तरह के मौसम सिस्टम सक्रिय होकर मिलते हैं तो कानपुर में जैसा मंजर शनिवार को दिखाई दिया था, वैसा ही कुछ आने वाले दिनों में भी देखने को मिल सकता है. मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि अप्रैल के महीने में अभी भी सशक्त पश्चिमी विक्षोभ आ रहे हैं. नए आ रहे पश्चिमी विक्षोभ से सात तारीख की शाम से मौसम बदलने का अनुमान है.उन्होंने बताया कि वातावरण में अभी भी नमी बनी हुई है. ऐसे में पश्चिमी विक्षोभ को सपोर्टिंग सिस्टम मिलता है तेा फिर उसी तरह तेज आंधी, ओलावृष्टि और बारिश देखने को मिलेगी. जैसी कि एक दिन पहले देखने को मिली थी. इन सबके बीच फसलों को हुए नुकसान को लेकर कहा कि किसानों को चाहिए कि जिस तरह वह फसल की थ्रेसिंग कराएं, उसी दिन अनाज से लेकर भूसा आदि सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दें, क्योंकि पूरे अप्रैल माह में इसी तरह का अनिश्चित मौसम रहने वाला है.

