ABC News: कोतवाली थानाक्षेत्र के हाईप्रोफाइल क्लब स्टूडियो एक्सओ (Studio XO) में मारपीट का मामला सामने आया है. यहां पर नशे में धुत युवकों ने एक युवक के साथ बुरी तरह से मारपीट की. मारपीट की इस घटना में पीड़ित युवक ने अपनी नाक में फ्रैक्चर होने की बात कही है.
आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान उसकी दस्तार भी उतारी गई. पीड़ित की मां ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है. पीड़ित युवक वंश भाटिया का कहना है कि वह एक दिन पहले सिविल लाइंस स्थित स्टूडियो एक्सओ गया हुआ था. यहां से जब वह नीचे उतरा तो नशे में धुत चार पांच लड़के यहां पर खड़े थे.
उसे देखते हुए वह अभद्रता करने लगे. आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो नशे में धुत युवकों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी. पीड़ित ने जानलेवा हमले, जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया है. उसका कहना है कि आरोपियों में पांडुनगर निवासी धैर्य गुप्ता समेत अन्य लोग शामिल हैं.
मारपीट का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है.

