ABC News: कानपुर के फीलखाना थानाक्षेत्र के तंग इलाके मनीराम बगिया में शुक्रवार तड़के भीषण आग से अफरातफरी मच गई. यहां पर तंग गली में बने चार मंजिला मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बनी दुकानों में आग लग गई. सुबह करीब तीन बजे लगी आग की जानकारी पहले तो लोगों को नहीं हो पायी. गहरी नींद में होने की वजह से किसी को इसका पता नहीं लगा.
इस बीच, जब कुछ लोग यहां से निकले तो उन्होंने धुआं उठता देखकर लोगों को इसकी सूचना दी. सूचना पाकर फजलगंज, कर्नलगंज, लाटूश रोड आदि फायर स्टेशनों ने दमकल की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंची. हालांकि तंग गली होने की वजह से रेस्क्यू आपरेशन में दिक्कतें आयीं, बाद में हौज पाइप जोड़कर दमकल कर्मी किसी तरह घटनास्थल पर पहुंचे. इससे पहले मकान की ऊपरी मंजिल पर फंसे लोगों को दूसरे मकान के जरिए सुरक्षित रूप से निकाला गया. आग की वजह से यहां पर हर किसी के चेहरे पर दहशत देखी जा रही थी. यहां पर काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया. आग की वजह से दुकानों में रखा लाखों का माल खाक हो गया.

