ABC News: घाटमपुर में चारागाह की जमीन पर होटल चलने का मामला सामने आने पर प्रशासन ने यहां पर बुलडोजर एक्शन लिया और 10 करोड़ कीमत की 56 बिसवा चारागाह की जमीन को भूमाफिया के चंगुल से मुक्त करा लिया. भूमाफिया यहां पर अवैध कब्जा कर होटल संचालित कर रहा था. कार्रवाई के दौरान विरोध करने पर होटल मैनेजर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.

एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह की अगुवाई में हुई कार्रवाई में बताया गया कि नवेली पावर प्लांट के सामने कानपुर–हमीरपुर हाईवे पर जो भूमि चारागाह के रूप में दर्ज है. उस पर कोयलानगर निवासी राजवीर सिंह और उनके परिवार के लोग अवैध कब्जा किए थे. कब्जेदारों ने यहां कालिंदी होटल के नाम से भवन बनाकर होटल लॉन, सड़क और अन्य जनसुविधाएं विकसित कर व्यापार कर रहे थे. पूर्व में चेतावनी के बावजूद भूमाफिया का रवैया नहीं बदला, जिसके बाद मंगलवार को पुलिस फोर्स के साथ यहां पर बुलडोजर एक्शन लिया गया और अवैध कब्जे को ध्वस्त कर दिया गया. कार्रवाई के बाद ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव की मौजूदगी में कब्जामुक्त चारागाह भूमि पर हरे चारे की बुवाई भी कराई गई.

