ABC News: कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के कैथा चौराहे के समीप रविवार को तेज रफ्तार डीसीएम ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में मां-बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई.
बताया जा रहा ह कि साढ़ थाना क्षेत्र के सूलपुर निवासी अर्पित पाल अपनी मां अनीता पाल और चाची आकांक्षा के साथ बाइक से अपनी बुआ के नवजात बेटे की मौत होने पर झंडापुर कोरिया जा रहे थे. जैसे ही बाइक कैथा चौराहे के पास पहुंची तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि अर्पित और उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, आकांक्षा गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसे के बाद यहां पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई. हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची.
पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायल महिला को एंबुलेंस द्वारा सीएचसी घाटमपुर पहुंचाया. यहां हालत गंभीर देखते हुए उसे रेफर कर दिया गया. वहीं, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. बताया गया कि मृतक अर्पित अपनी दो बहनों, श्रद्धा और सपना पाल का अकेला भाई था. इकलौते बेटे और मां की एक साथ मौत से पूरे घर में कोहराम मच गया है.

