ABC News: गंगा मेला से पहले हटिया के रज्जन बाबू पार्क में विकास कार्यों को लेकर छिड़े शिलापट के संग्राम में अब पुलिस की इंट्री हो गई है. शनिवार को यहां पर पार्षद अमित गुप्ता पुलिस के साथ पहुंच गए. यहां पर जो विकास कार्य चल रहे थे, उसमें उनके और महापौर के नाम का शिलापट भी पहुंच गया.

बताया जा रहा है कि पार्षद अमित गुप्ता के समर्थन में पार्षद अभिषेक गुप्ता मोनू भी यहां पर पहुंचे. हटिया होली महोत्सव कमेटी के पदाधिकारी ज्ञानेंद्र विश्नोई का कहना है कि पार्षद कह रहे हैं कि नगर निगम निधि से यहां पर काम हो रहे हैं तो पत्थर पर उनका नाम होना चाहिए. उन्होंने कहा कि अगर ऐसी बात है तो वह लोग भी अपना टैक्स देते हैं, जिससे यह सुंदरीकरण का कार्य हो रहा है. उन्होंने बताया कि कमेटी पदाधिकारियों के विरोध के बाद पार्षद ने पुलिस बुला ली. वहीं, पार्षद का कहना है कि इससे पहले भी जो विकास कार्य हुए, उसमें जनप्रतिनिधियों का नाम दर्ज था. उन्होंने कमेटी पदाधिकारियों का नाम भी पत्थर में दर्ज कराने केा कहा था.हालांकि, इसी विवाद के बीच भाजपा से जुड़े लोगों ने मध्यस्था की. इसके बाद पार्षद ने कमेटी सदस्यों से खेद जताया, जिसके बाद तय किया गया कि पत्थर पर महापौर, पार्षद के साथ कमेटी पदाधिकारियों का नाम भी उसमें दर्ज होगा, जिस पर सहमति बन गई और फिर यहां पर सुंदरीकरण का कार्य शुरू हुआ.

