ABC News: नगर निगम में महापौर बनाम छह पार्षदों के बीच चल रही रार के बीच रविवार को कानपुर आए प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने अहम बैठक की. होटल लैंडमार्क में हुई इस बैठक में महापौर के खिलाफ बगावत का झंडा बुलंद किए छह पार्षदों के साथ बंद कमरे में लंबी गुफ्तगू हुई.
बैठक में दक्षिण जिलाध्यक्ष शिवराम सिंह के अलावा पूर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया भी शामिल हुए. प्रभारी मंत्री के सामने पार्षद पवन गुप्ता, अंकित मौर्या, विकास जायसवाल, लक्ष्मी कोरी, हरी स्वरूप तिवारी और आलोक पांडेय ने सिलसिलेवार ढंग से अपनी बात को रखा. संत लाल हाता में स्टीमेट बनने के बावजूद सीवर लाइन न डालने को लेकर सवाल उठाए गए.
इसमें महापौर के पुत्र बंटी पांडेय के खिलाफ भी तमाम शिकायतें की गईं. पार्षदों ने अपने अपने वार्डों के विकास कार्य में भेदभाव का आरोप लगाया, यहां तक कि फाइल गायब होने की भी बात कही. उन्होंने कहा कि इससे उनकी वार्ड की जनता का उत्पीड़न हो रहा है.
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष के रिश्तेदार के घर के बाहर सबमर्सिबल पंप को लेकर चल रहे काम और मशीन को जब्त करने के अलावा पार्षद वेलफेयर एसोसिएशन के गठित होने पर सवाल खड़े किए गए. कहा गया कि संगठन के बिना जानकारी और अनुमति के इसका गठन कर लिया गया. मंगल भवन और टीएसएच की कार्यकारिणी के सदस्यों को लेकर भी शिकायत की.
इसके अलावा कन्वेंशन सेंटर का नामकरण पूर्व सांसद और व्यापारी नेता श्याम बिहारी मिश्र के नाम पर न करने और उसका मामला अटकाने की भी शिकायत की गई. पार्षदों ने बताया कि उन्होंने प्रभारी मंत्री से मुख्यमंत्री के सामने पूरा मामला रखे जाने और विकास कार्य कराने की मांग प्रभारी मंत्री से की है.
प्रभारी मंत्री ने प्रदेश नेतृत्व और मुख्यमंत्री के सामने सारी बातों को रखने का आश्वासन देकर हल निकालने को कहा है. इसके अलावा उन्होंने पार्षदों को भरोसा दिलाया है कि किसी के वार्ड में विकास कार्य रोका नहीं जाएगा.

