ABC News: कानपुर में चोरों ने श्यामनगर में बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. श्यामनगर के रामपुरम हाउसिंग सोसाइटी में चोरों ने धावा बोलकर नकदी जेवरात मिलाकर 70 लाख से अधिक की चोरी की घटना को अंजाम दिया. घटना के समय घर पर कोई मौजूद नहीं था और परिवार चित्रकूट और मैहर के दर्शन के लिए गया हुआ था.
श्यामनगर के रामपुरम हाउसिंग सोसाइटी में रहने वाले अंकुर दीक्षित ने बताया कि वह दो दिन पहले अपने पूरे परिवार के साथ चित्रकूट घूमने के लिए गए हुए थे. घर पर उनकी पत्नी आशी रूकी हुई थी, जोकि उसी दिन दोपहर में अपने बर्रा स्थित मायके चली गई थी. आज देर रात ढाई बजे जब वह घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य द्वार का ताला खुला हुआ पड़ा है. इसके बाद जब वह अंदर गए तो वहां का नजारा देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई.
चोरों ने गेट से लेकर अलमारी के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया. अंदर के गेट पर इंटरलॉकिंग वाला ताला लगा था लेकिन चोरों ने उसे भी तोड़ डाला. इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर फोन कर वारदात की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि जब घर के पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई तो पाया गया कि 28 जून की रात 10 बजकर 20 मिनट पर एक सफेद कार घर के पास बने मंदिर के पास रूकी. इसके बाद तीन युवक घर के अंदर दाखिल हुए जबकि एक बाहर ही नजर रख रहा था. अंकुर ने बताया कि चोरों ने महज 16 मिनट में ही पूरी घटना को अंजाम दे डाला और फरार हो गए.
अंकुर ने बताया कि 35 हजार नकद के अलावा चोर 70 लाख की ज्वैलरी ले गए हैं. इसमें उनकी पत्नी और नोएडा में रहने वाली बहन के जेवर भी शामिल हैं. अंकुुर की इसी साल जनवरी में शादी भी हुई थी, तो पत्नी का सारा जेवर घर पर ही रखा हुआ था. घटना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की है.

