ABC News: कानपुर के विजय नगर में सर्राफ की दुकान से हुई 60 लाख की चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. पुलिस ने चोरी करने वाले दंपती के साथ चोरी के जेवर खरीदने वाले दो सर्राफा व्यापारियों को भी गिरफ्तार किया है. डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि विजय नगर फल मंडी में सर्राफ देवेन्द्र नाथ वर्मा का ज्वैलरी व कपड़ों की शॉप है.
11 जुलाई की शाम को वह टॉयलेट गए थे, इसके बाद लौटकर आए तो दुकान पर रखा ज्वैलवरी व कैश भरा बैग गायब था. देवेन्द्र ने दुकान पर मौजूद दंपति पर संदेह जताते हुए काकादेव थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी. चोरी की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की तो बाइक सवार दंपति का सीसीटीवी फुटेज तो मिल गया, लेकिन नंबर प्लेट नहीं होने के चलते दोनों की तस्दीक नहीं हो पा रही थी. पुलिस ने करीब 300 सीसीटीवी फुटेज खंगाले तब जाकर बाइक सचार शातिर चोर का सुराग मिला. इसके बाद पुलिस ने चोरी करने वाले कानपुर देहात के अकबरपुर निवासी विकास उर्फ अद्दू और उसकी पत्नी चारू को गिरफ्तार किया.
दोनों ने पूछताछ में बताया कि चार दिन तक जेवर और कपड़े खरीदने के बहाने रेकी की और फिर मौका मिलने पर ज्वैलरी व कैश भरा बैग पार करके दोनों भाग निकले थे. ज्वैलरी व कैश मिलाकर करीब 60 लाख की कीमत का माल बैग में था. इसके बाद पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले सर्राफ कानपुर देहात के सिकंदरा निवासी गौरव गुप्त और औरैया निवासी सरमन लाल को अरेस्ट किया. दोनों ने खरीदे गए लॉकेट व सोने के हार को गला दिया था. पुलिस ने दोनों की दुकान से गला हुआ सोना बरामद करने के साथ ही अरेस्ट कर लिया. पुलिस ने चोरी की गई ज्वैलरी और दो लाख रूपए नकद भी बरामद किए हैं.

