ABC News: कानपुर में मरियमपुर चौराहा के पास महिला की कार से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. इस हत्याकांड का पूरा राज चौराहे पर लगे कैमरों के अलावा आसपास के सीसीटीवी से खुल गया. पुलिस ने इस मामले में चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. जबकि एक अभियुक्त फरार हो गया है. महिला की कार से कुचलकर हत्या करने का सौदा भी 50 हजार रूपए मे तय हुआ था.

डीसीपी सेंंट्रल जोन प्रमोद कुमार ने बताया कि मरियमपुर अस्पताल के सामने फलों के जूस का ठेला लगाने वाली जयमंती देवी की कार से कुचलकर मौत हो गई थी. पहले इसे एक्सीडेंट का केस माना गया लेकिन जब मृतका के बेटों ने हत्या का आरोप लगाया. तो आसपास के सभी सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई. जांच के दौरान चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया. पूछताछ में पता चला कि मरियमपुर अस्पताल के बाहर मनोज नाम का शख्स भी ठेला लगाता था. वह जयमंती देवी से उस जगह का दो हजार रूपए लेता था. कुछ समय बाद महिला ने रूपए देने से इनकार कर दिया. वहीं, मनोज के ठेले से होने वाली बिक्री भी कम हो गई. यह देखकर मनोज ने ई रिक्शा चलाने वाले अपने दोस्त महेश नागर के साथ मिलकर जयमंती की हत्या की योजना तैयार की. महेश ने अपने दोस्त अभय, अमित और गया प्रसाद से मिलवाया. हत्या के लिए सौदा 50 हजार में तय हो गया. डीसीपी सेंट्रल ने बताया कि इसमें कार अभय की थी और वह कार का लोन चुका नहीं पा रहा था. योजना तय होने के बाद इन लोगों ने पहले भी महिला की हत्या की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो पाए थे. घटना वाले दिन कार भी अभय चला रहा था. जयमंती को कार से कुचलने के बाद सभी फरार हो गए. हत्याकांड को अंजाम देने के बाद 20-20 हजार रूपए अभय और महेश नागर को मिले. पुलिस ने चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है. जबकि गया प्रसाद फरार चल रहा है.

