ABC News: नवाबगंज थानाक्षेत्र के चंद्र विहार सोसाइटी में फोम कारोबारी में करीब 50 लाख की चोरी को अंजाम दिया गया है. बताया जा रहा है कि चोरों ने जिस समय घर में घुसकर इतनी बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया, उस समय घर बिल्कुल सूना था. परिवार के लोग घर के बुजुर्ग की बाईपास सर्जरी को लेकर दिल्ली गए हुए थे.
आज जब सुबह परिवार के लोग घर लौटे तो वारदात की जानकारी हुई. सूचना पाकर पुलिस ने भी मौके पर छानबीन की है. बताया जा रहा है कि नवाबगंज केसा कॉलोनी स्थित चंद्र विहार में फोम कारोबारी श्री राम अग्रवाल का घर है. श्री राम अग्रवाल की अनवरगंज फूल वाली गली में फोम की शॉप है. परिजनों ने बताया कि वह लोग श्री राम अग्रवाल की बाईपास सर्जरी कराने के लिए दिल्ली गए हुए थे. इसके चलते घर पर ताला लगा हुआ था. सुबह जब वह लोग घर लौटे तो दरवाजे के ताले टूटे हुए पाए. इसके बाद जब घर के अंदर गए तो वहां का नजारा देखकर सभी के पैरों तले जमीन खिसक गई.
चोरों ने अलमारी और दरवाजों के लॉक तोड़कर लाखों की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया था. चोरी की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के मकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले हैं. परिजनों का कहना है कि नकदी जेवरात मिलाकर तकरीबन 50 लाख के आसपास की चोरी की आशंका है.उनका कहना है कि घर की महिलाओं के आने के बाद ही सही स्थिति की जानकारी हो पाएगी. एसीपी कर्नलगंज का कहना है कि घटना के सारे बिंदुओं पर पड़ताल की जा रही है.

