ABC News: बिधनू थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात बहन की शादी तय होने पर तिलक की रस्म पूरी करके भाई अपने दोस्तों के साथ कार से लौट रहा था और हादसे का शिकार हो गया. माधवबाग में डंपर ने कार में टक्कर मार दी, हादसे में भाई और उसके एक दोस्त की मौत हो गई, जबकि तीन साथी सुरक्षित बच गए. पुलिस ने परिजन को सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया.

नौबस्ता के बख्तौरी पुरवा निवासी रामचरन की बेटी गोल्डी की शादी कानपुर देहात की गजनेर में तय हुई है. सोमवार की शाम कन्या पक्ष से लेकर वर पक्ष के घर पर तिलक की रस्म पूरी करने गए थे. तिलक समारोह के बाद रामचरन का 20 वर्षीय छोटा बेटा अजीत सोनकर अपने दोस्तों सरस्वती नगर निवासी 22 वर्षीय विकास गौतम, अतुल, लड्डन आदि के साथ कार से घर लौट रहे थे. बिधनू में माधवबाग स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार डंपर ने कार में टक्कर मार दी. हादसे में कार सवार अजीत सोनकर और विकास गौतम की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन को मामूली चोटें आईं. हादसे के बाद आरोपी चालक डंपर समेत फरार हो गया. बिधनू पुलिस ने देर रात परिजन को सूचना दी तो परिवार में कोहराम मच गया. शादी की खुशियां मातम में बदल गईं. अजीत के पिता रामकरन ने रोते हुए बताया कि 25 नवंबर को उनकी बेटी की शादी होनी है और ईश्वर ने उनका बेटा छीन लिया. बिधनू थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि परिजन की तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जाएगी.

