ABC News: कानपुर में कम यात्रियों के सफर करने से ई-बस प्रबंधन ने दो रूटों पर 10 इलेक्ट्रिक बसों का संचालन बंद कर दिया है. यहां की बसें अब दूसरे रूटों पर चलाईं जा रही हैं. इसके साथ ही दो और रूटों की बसें बदलने की तैयारी हैं. इसका सर्वे प्रबंधन करा रहा है.

कानपुर में चकेरी से टाटमिल होकर जीटी रोड, चिड़ियाघर होते हुए गंगा बैराज तक चलने वाली पांच बसों को बंद कर दिया गया है. यहां की बसों को रनियां तक शुरू कर दिया गया है. ये बसें फजलगंज होते हुए रनियां जाती हैं. चकेरी से नौबस्ता, यशोदानगर होते हुए पनकी पड़ाव तक चलने वाली पांच ई-बसों को बंद कर दिया गया है. इन बसों का संचालन रामादेवी, नौबस्ता, रमईपुर और साढ़ रूट पर कर जा रहा है.
इन दो रूटों पर भी घाटा, बदलने की तैयारी
फूलबाग से बड़ा चौराहा, रावतपुर क्रॉसिंग होते हुए जनक वाटिका, नौबस्ता से यशोदानगर रूट

फरवरी में जाजमऊ-कैंट सेवा होगी शुरू
जाजमऊ की टेनरियों और कारखानों में कार्यरत मजदूरों को शाम को छुट्टी के समय नई चुंगी स्टॉपेज से बसें नहीं मिलती हैं. इसका संज्ञान ई-बस प्रबंधन ने लिया है. प्रबंधक डीवी सिंह ने बताया कि फरवरी से रूट रिवाइज होने पर जाजमऊ से कैंट होकर परेड रूट पर बसों का संचालन किया जाएगा. अभी तक सर्किट हाउस होते हुए कैंट से बसें जाजमऊ जा रही हैं, लेकिन वापसी कैंट की तरफ से नहीं करती हैं. शाम को छह से सात बजे तक बड़ी संख्या में यात्री नई चुंगी स्टॉपेज पर खड़े होकर बसों का इंतजार करते हैं. इसलिए इस रूट पर बस संचालन का निर्णय लिया गया है.

