ABC News: आईपीएल में इन दिनों हर तरफ राजस्थान रॉयल्स के वंडर बॉय वैभव सूर्यवंशी के चर्चे चल रहे हैं. वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल 2026 के एलिमिनेटर मैच में बुधवार को ऐतिहासिक पारी खेली. हालांकि, वह शतक बनाने से 3 रन से चूक गए, लेकिन उनकी यह पारी हमेशा याद रखी जाएगी. इन सबके बीच अब वैभव के साथी ओपनर यशस्वी जायसवाल को लेकर भी चिंता जताई जाने लगी है. यशस्वी जायसवाल, क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट में अपना जलवा बिखेर चुके हैं लेकिन पिछले एक साल से यशस्वी का ग्राफ गिरता नजर आ रहा है. आईपीएल 2026 में यशस्वी फ्लॉप दिखे.

अब अंबाती रायडू ने इसके पीछे की वजह का खुलासा किया है. अंबाती रायुडू ने बताया कि इसके पीछे की वजह वैभव सूर्यवंशी हैं. उन्होंने उनके फ्लॉप शो पर अपने विचार रखे और समझाया कि आखिर कैसे वैभव की चमक के आगे फीके पड़ गए. जायसवाल को उन्होंने टीम बदलने की भी सलाह दी है. यशस्वी ने टेस्ट में अच्छी छाप छोड़ी है. उन्होंने भारत के लिए लंबे समय तक ओपनर के तौर पर अपनी जगह पक्की कर ली है. इसके बावजूद, व्हाइट-बॉल फार्मेट में उन्हें मिलने वाले मौकों में निरंतरता नहीं रही है. पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अपने सबसे हालिया ODI मैच में उन्होंने शतक बनाया था. लेकिन अभी अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्हें टीम इंडिया से बाहर रखा गया है. जायसवाल भारत की 2024 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे, लेकिन खेलने का मौका नहीं मिला. राजस्थान रॉयल्स टीम में उनसे अक्सर बैटिंग की कमान संभालने की उम्मीद की जाती है, लेकिन इस सीजन में ज्यादातर ध्यान वैभव पर चला गया है. वह 15 मैच में 426 रन बनाने में कामयाब हुए हैं. अब रायुडू ने इस मुद्दे पर अपने विचार रखे हैं. रायुडू ने इएसपीएन क्रिकइंफो पर कहा, “उसे अपनी टीम बदलने की जरूरत है. क्योंकि वह बस किसी एक खिलाड़ी के साथ बैटिंग करता रहे और हर बार उसकी चमक के आगे फीका पड़ता रहे, यह ठीक नहीं है. वह अपने आप में एक स्टार है. अगर वह किसी दूसरी टीम में जाता है, तो वह अकेले दम पर मैच जिताएगा. उसे उस जगह और उस मंच की जरूरत है.” उन्होंने आगे कहा, “यह खिलाड़ी दूसरों पर हमेशा भारी पड़ता रहेगा, इसलिए उसके साथ एक ऐसा सीनियर पार्टनर होना चाहिए जो इस बात को संभाल सके और उसकी सफलता से खुश हो. जो कुछ हो रहा है, उससे खुश हो,न कि नॉन-स्ट्राइकर से मुकाबला करे. जायसवाल के लिए मुंबई इंडियंस एक अच्छी टीम है.”

